उज्जैन सिंहस्थ 2028 में रेलवे स्टेशनों पर होगी एआई कैमरों से निगरानी

उज्जैन। रेलवे बोर्ड के चेयनमैन मंगलवार को उज्जैन पहुंचे। रेलवे अधिकारियों के साथ उज्जैन स्टेशन के अलावा विक्रम नगर, पिंग्लेश्वर, पंवासा, मोहनपुरा, शिप्रा ब्रिज, नईखेड़ी, चिंतामन स्टेशनों का निरीक्षण किया। सिंहस्थ 2028 का ब्लू प्रिंट तैयार किया गया है। सिंहस्थ में स्टेशन पर एआइ कैमरों से भीड़ पर नजर रखकर उसे नियंत्रित किया जाएगा। स्टेशन पर 40 हजार यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया बनेगा। सिंहस्थ के दौरान 110 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनों को चलाया जाएगा। चेयरमैन ने कहा कि उज्जैन में प्रयागराज से अच्छी व्यवस्था की जाएगी।
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार दिल्ली से फ्लाइट से सुबह करीब साढ़े छह बजे इंदौर पहुंचे थे, जहां से वह विक्रम नगर रेलवे स्टेशन, पंवासा, पिंग्लेश्वर, शिप्रा ब्रिज, मोहनपुरा, नईखेड़ी स्टेशनों का निरीक्षण करते हुए उज्जैन स्टेशन पहुंचे।
उज्जैन स्टेशन पर माधवनगर की ओर से वे फुट ओवरब्रिज होते हुए सर्कुलेटिंग एरिया, माल गोदाम, पार्सल कार्यालय की ओर से प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंचे थे। यहां से निरीक्षण के पश्चात अधिकारियों ने उन्हें सिंहस्थ 2028 की योजनाओं को लेकर प्रेजेंटेशन दिया।
सिंहस्थ के बाद ही होगा उज्जैन स्टेशन का कायाकल्प
रेलवे बोर्ड के चेयनमैन सतीश कुमार ने मीडिया से चर्चा में कहा कि उज्जैन रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया जाना है, मगर सिंहस्थ पूर्व इसका काम खत्म नहीं हो पाता, इस कारण इसे सिंहस्थ 2028 के बाद ही किया जाएगा।
सिंहस्थ को लेकर उज्जैन में सभी व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं। खासतौर पर होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं। जहां एक साथ करीब 40 हजार से ज्यादा लोगों को रखा जा सकेगा। यह होल्डिंग एरिया प्रयागराज से भी बड़ा रहेगा। अगर जमीन मिली तो नया स्टेशन बनाया जाएगा।
110 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी
सिंहस्थ के दौरान अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग रेलवे की ओर से किया जाएगा। स्टेशन पर एआइ आधारित सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। जिससे उज्जैन में आने व जाने वाले यात्रियों पर नजर रखी जा सकेगी।
सिंहस्थ 2016 में प्रतिदिन 20 लाख से अधिक यात्रियों का उज्जैन स्टेशन पर आवागमन हुआ था। जबकि अन्य संसाधनों से करीब पांच करोड़ लोग आए थे। सिंहस्थ 2028 में पांच गुना श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। जिसको लेकर पूरी तैयारी की जा रही है। रेलवे इसके लिए 110 सिंहस्थ स्पेशल ट्रेनों को चलाएगा।