छत्तीसगढ़ में खत्म हुआ ‘मोन्था’ का असर, अब बढ़ेगी ठंड: रात के तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट, अगले हफ्ते बारिश के आसार नहीं

छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘मोन्था’ का असर खत्म होने के बाद अब मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के थमते ही राज्य में शुष्क और ठंडी हवाएं सक्रिय हो गई हैं। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड में और इजाफा होगा।

मौसम होगा साफ, ठंडी हवा का असर बढ़ेगा
मौसम विभाग के मुताबिक अब समुद्र से आने वाली नम हवा का प्रभाव समाप्त हो चुका है, जबकि उत्तर-पूर्व दिशा से ठंडी और शुष्क हवाएं राज्य में पहुंच रही हैं। इसका असर अगले एक सप्ताह तक रहेगा और इस दौरान कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। विभाग ने बताया कि फिलहाल राज्य में किसी प्रकार का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

राज्योत्सव में मौसम रहा सामान्य
शनिवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहा और कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संपन्न हुए। रायपुर में न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री ज्यादा था। अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान 18 से 24 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।

कवर्धा में किसानों की फसल बर्बाद
चक्रवात मोन्था के असर से पहले हुई भारी बारिश ने कई किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। कवर्धा, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा जिलों में खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलें पूरी तरह भीग गईं। कवर्धा में एक किसान अपनी बर्बाद फसल देखकर सदमे में खेत में ही गिर पड़ा।

कोंडागांव में पुलिया धंसने से बाधित हुआ आवागमन
कोंडागांव जिले के ग्राम आदनार में ‘बड़को नाला’ पुलिया लगातार बारिश के चलते धंस गई। इससे लिंगोंपथ-मर्दापाल-भाटपाल-नारायणपुर मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। यह पुल प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी थी। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई वाहन पुल पार नहीं कर रहा था।

अक्टूबर में 59 फीसदी अधिक बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अक्टूबर में अब तक औसत से 59 फीसदी ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है। रायपुर, बिलासपुर और बस्तर जैसे जिलों में 89.4 मिमी तक बारिश हुई। अब ठंडी हवाएं लौटने से तापमान गिरने की संभावना है और आने वाले दिनों में प्रदेश में सर्दी का प्रभाव तेजी से बढ़ेगा।