ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट खिलाड़ियों से छेड़छाड़: आरोपी गिरफ्तार, पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल

इंदौर/मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां ऑस्ट्रेलिया की दो महिला क्रिकेट खिलाड़ियों से छेड़छाड़ करने के आरोप में अकील नामक एक व्यक्ति को एमआईजी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला तब का है जब दोनों महिला खिलाड़ी होटल से एक कैफे जाने के लिए निकली थीं।
इसी दौरान खजराना लिंक रोड पर आरोपी ने अपनी बाइक से उनका पीछा किया और उन्हें छूने का प्रयास किया। इस घटना से घबराई महिला खिलाड़ियों ने तत्काल इसकी जानकारी अपने सुरक्षा अधिकारी डेनि सिमस को दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई।
शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। एमआईजी थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपी की पहचान की और कुछ ही घंटों के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान अकील के रूप में हुई है, जो इंदौर का ही रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
महिला खिलाड़ियों से छेड़छाड़ करने वाला गिरफ्तार:
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, महिला खिलाड़ियों ने घटना के बाद मानसिक रूप से खुद को संभाला और अपने सुरक्षा अधिकारी के माध्यम से पुलिस को सूचित किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों ने तत्काल जांच के आदेश दिए, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी की जल्द गिरफ्तारी संभव हो पाई। आरोपी से अब विस्तृत पूछताछ की जा रही है कि क्या उसने पहले भी इस तरह की हरकतें की हैं। बताया जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम इन दिनों इंदौर में चल रहे आईसीसी महिला वर्ल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए आई हुई है।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था, दावों की खुली पोल:
विदेशी खिलाड़ियों के साथ हुई इस अप्रत्याशित घटना ने खेल जगत और प्रशासन दोनों को चौकन्ना कर दिया है। घटना के बाद पुलिस ने शहर में खासकर खिलाड़ियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी है, ताकि इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं भविष्य में दोबारा न हों। हालांकि, इस घटना ने इंदौर में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा किए जाने वाले दावों की पोल खोल कर रख दी है।









