कांग्रेस नेता के ऑफिस में 2 लोगों को मारी गोली:बिलासपुर में बाइक-सवार 4 शूटरों ने 12 राउंड की फायरिंग, दोनों घायल अपोलो में भर्ती

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के पर्सनल ऑफिस में हमला हुआ है। 4 नकाबपोश बाइक सवार शूटरों ने 2 लोगों को गोली मार दी। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र के नहर पार इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक शूटरों ने कांग्रेस नेता नीतेश सिंह के रिश्तेदार चंद्रकांत सिंह ठाकुर और कर्मचारी राजू ठाकुर को गोली मारी है। दोनों को गंभीर अवस्था में अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर 12 राउंड गोलियां चलीं और खाली खोखे बरामद हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दो बदमाश पिस्टल लिए हुए थे। लगातार फायरिंग कर रहे थे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है।
दरअसल, शाम को एक बाइक पर 3 नकाबपोश पिस्टल लेकर कांग्रेस नेता नीतेश सिंह के ऑफिस के बाहर आए। इस दौरान नीतेश सिंह के ऑफिस में उनके कुछ सहयोगी और रिश्तेदार बैठे हुए थे। अचानक 2 बाइक पर 4 बदमाश आए और फायरिंग की। वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
नीतेश सिंह के ऑफिस में चंद्रकांत और राजू ठाकुर को लगी, जिससे दोनों वहीं गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में अपोलो रेफर किया गया।









